
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज गाजीपुर

गाजीपुर। जनपद गाजीपुर स्थित मेडिकल कॉलेज एक बार फिर विवादों में आ गया है। ओपीडी में इलाज कराने आई एक मासूम बच्ची के माता-पिता के साथ बाउंसर और सुरक्षा गार्डों द्वारा कथित मारपीट एवं अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित परिवार एवं स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक परिवार अपनी बीमार बच्ची को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में लेकर पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद बाउंसर और सुरक्षा कर्मियों ने बच्ची के माता-पिता के साथ अभद्रता शुरू कर दी। मामला इतना बढ़ गया कि कथित तौर पर हाथापाई और मारपीट तक की नौबत आ गई। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों और अस्पताल कर्मियों के बीच चर्चा है कि संबंधित बाउंसर का व्यवहार लंबे समय से विवादों में रहा है। आरोप लगाया जा रहा है कि वह छोटी-छोटी बातों पर तीमारदारों से उलझ जाता है, अभद्र भाषा का प्रयोग करता है और कई बार दबंगई दिखाने से भी पीछे नहीं हटता। बताया जा रहा है कि पूर्व में भी उसके खिलाफ कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन हर बार कार्रवाई के बजाय उसे संरक्षण मिलता रहा।
इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि अस्पताल में कुछ लोगों को संरक्षण देकर मरीजों और उनके परिजनों के साथ दुर्व्यवहार का माहौल तैयार किया जा रहा है। वहीं यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि अस्पताल में वार्ड बॉय द्वारा बाउंसर रखने जैसी व्यवस्थाएं किसके संरक्षण में संचालित हो रही हैं।
घटना को लेकर अपनी जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह कुशवाहा ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने जिलाधिकारी एवं प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि अस्पताल जनता की सेवा के लिए होते हैं, न कि आम लोगों को भय और अपमान का सामना कराने के लिए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो इस मुद्दे को लेकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली की भी उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।












