

कांठ (मुरादाबाद)। थाना कांठ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक महिला को 1.97 किलोग्राम चरस एवं 1060 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार थाना कांठ के उपनिरीक्षक मोहन सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के लिए गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गांव मुख्तयारपुर नवादा स्थित आशापुर कॉलोनी के निकट दुम्हेला जाने वाले मार्ग पर एक महिला संदिग्ध अवस्था में कब्रिस्तान की ओर जाती दिखाई दी। शक होने पर पुलिस ने महिला को घेराबंदी कर रोक लिया और पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने अपना नाम नीना पत्नी स्वर्गीय अमित निवासी आशापुर कॉलोनी, मुख्तयारपुर नवादा, थाना कांठ बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.97 किलोग्राम चरस तथा 1060 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ के दौरान महिला ने स्वीकार किया कि वह चरस की बिक्री कर अपने जीवनयापन का साधन जुटाती है।
बरामदगी के बाद पुलिस महिला को गिरफ्तार कर थाने ले आई। उपनिरीक्षक मोहन सिंह की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक कांठ सुदेश पाल सिंह ने बताया कि आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा ऐसे अवैध धंधों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।
रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ। ✍️










