

कैमूर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 21.33 ग्राम हिरोइन के साथ युवक गिरफ्तार, 61 पुड़िया मादक पदार्थ बरामद
दुर्गावती थाना पुलिस की छापेमारी में मिली सफलता, एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज; सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज
भभुआ (कैमूर)। कैमूर जिले में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्गावती थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने बहेरा रेलवे लाइन के समीप नदी किनारे से 21.33 ग्राम हिरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ 61 अलग-अलग पुड़ियों में पैक था, जिसे बिक्री के लिए तैयार रखा गया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक की पहचान अभिषेक कुमार सिंह (20 वर्ष), पिता मनोज सिंह, थाना दुर्गावती, जिला कैमूर के रूप में हुई है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने की।
छापेमारी दल में दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार, जिला आसूचना इकाई के पुलिस निरीक्षक अवधेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रौशन कुमार तथा सहायक अवर निरीक्षक धनंजय कुमार शामिल थे। टीम ने गुप्त सूचना के सत्यापन के बाद बहेरा रेलवे लाइन के समीप घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 61 पुड़िया हिरोइन बरामद हुई, जिसका कुल वजन 21.33 ग्राम पाया गया। विधि-सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए दंडाधिकारी की मौजूदगी में बरामदगी की कार्रवाई पूरी की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि हिरोइन की आपूर्ति कहां से होती थी और किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी। पुलिस इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कैमूर जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। नशा तस्करों और इस कारोबार से जुड़े लोगों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि जिले को नशा मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
( कैमुर से अफसार आलम की रिपोर्ट)












