
सोनांचल इंटर कॉलेज दुद्धी को मिली जनपदीय एथलेटिक्स रैली की मेजबानी
जिला क्रीड़ा समिति की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय, मंडलीय खेल एवं प्रदेश स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के आयोजन स्थलों पर भी लगी मुहर
सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
जनपद के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए सोनांचल इंटर कॉलेज, दुद्धी को इस वर्ष आयोजित होने वाली जनपदीय एथलेटिक्स रैली की मेजबानी सौंपी गई है। बुधवार को रॉबर्ट्सगंज स्थित जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में आयोजित जिला क्रीड़ा समिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि मंडलीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज तथा प्रदेश स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रॉबर्ट्सगंज द्वारा कराया जाएगा।
सोनांचल इंटर कॉलेज, दुद्धी को जनपदीय एथलेटिक्स रैली की मेजबानी मिलने से दुद्धी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इसे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताया है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपने ही क्षेत्र में प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, वहीं खेल संस्कृति को भी नई दिशा प्राप्त होगी।
बैठक की अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जनपद सोनभद्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल सुनियोजित तैयारी और सामूहिक प्रयास की है। यदि सभी विद्यालय, खेल शिक्षक और संबंधित अधिकारी पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे तो इस वर्ष का खेल समारोह भी पूर्व वर्षों की भांति सफल एवं यादगार सिद्ध होगा।
बैठक में प्रतियोगिताओं की रूपरेखा, खेल मैदानों की तैयारी, खिलाड़ियों के पंजीकरण, आवास, भोजन, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, खेल सामग्री की उपलब्धता तथा निर्णायकों की नियुक्ति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनपदीय क्रीड़ा समिति की सदस्य एवं प्रधानाचार्या बंदना सिंह, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज, खंड शिक्षा अधिकारी रॉबर्ट्सगंज, डॉ. बृजेश सिंह (प्रधानाचार्य, राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज), उमाकांत मिश्र (प्रधानाचार्य, हंसवाहिनी इंटर कॉलेज), सुनील कुमार राय, जिला क्रीड़ा सचिव, जिला व्यायाम शिक्षिका श्वेता सिंह, जगदंबा प्रसाद, मनोज कुमार यादव, शिवशंकर घोरावल, श्वेता द्विवेदी, अनवर हुसैन, राकेश शुक्ल सहित जनपद के समस्त नामित सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर सभी सदस्यों ने प्रतियोगिताओं के सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन का संकल्प लिया। सोनांचल इंटर कॉलेज, दुद्धी को जनपदीय एथलेटिक्स रैली की मेजबानी मिलना न केवल विद्यालय के लिए गौरव की बात है, बल्कि पूरे दुद्धी क्षेत्र के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं को नई पहचान और आगे बढ़ने का सशक्त मंच मिलेगा।




















