
भवनाथपुर (गढ़वा): भवनाथपुर पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान प्रभात कुमार (ग्राम मकरी), आर्यन चौबे (ग्राम सिंघीताली) एवं रोहित कुमार सिंह (गढ़वा निवासी) के रूप में हुई है। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुट गई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।









