
लखीमपुर खीरी। जिला मुख्यालय स्थित डीएम कार्यालय परिसर में आज दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति हाथ में कुल्हाड़ी लेकर भ्रष्टाचार के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यक्ति अचानक डीएम कार्यालय के मुख्य गेट के सामने पहुंचा और जोर-जोर से भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी करने लगा। उसके हाथ में कुल्हाड़ी देखकर वहां मौजूद लोगों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल उसे घेर लिया। प्रदर्शन के दौरान व्यक्ति ने खुद को सम्राट पृथ्वीराज चौहान का वंशज बताते हुए कहा, “अब जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई होगी। मैं चुप नहीं बैठूंगा।” सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझा-बुझाकर हिरासत में लिया। इस दौरान काफी देर तक डीएम कार्यालय परिसर में भीड़ लगी रही। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। पूरे जिले में इस अनोखे विरोध प्रदर्शन की चर्चा हो रही है।फिलहाल युवक की पहचान और उसके विरोध के कारणों की जांच की जा रही है।











