

*ऋषिकेश में एनएसयूआई का प्रदर्शन
ऋषिकेश। देशभर में पेपर लीक को लेकर मचे हंगामे के बीच फिर से एक पेपर लीक का मामला सामने आया है। जो उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) से जुड़ा है। जहा 24 जून और 8 जुलाई को आयोजित की गई दो महत्वपूर्ण परीक्षाएं पेपर लीक होने के कारण रद्द कर दी गई।
यूटीयू में हुई पेपर लीक की घटना से ऋषिकेश में भी छात्रों के बीच आक्रोश देखा गया। गुरुवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने कोयल घाटी में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड सरकार और उच्च शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का पुतला फूंका।
इस दौरान एनएसयूआई के महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव ने कहा कि UTU पेपर लीक प्रकरण उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल है। जब परीक्षाएँ ही सुरक्षित नहीं हैं तो छात्रों का भविष्य कैसे सुरक्षित होगा? सरकार को इस मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
हिमांशु ने बताया कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। सरकार शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने में पूरी तरह विफल रही है। छात्रों की मेहनत और विश्वास पर लगातार चोट पहुँच रही है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला तो NSUI पूरे प्रदेश में और बड़ा आंदोलन करेगी।
पुतला दहन में पूर्व प्रदेश महासचिव सौरभ वर्मा, छात्रसंघ उपाध्यक्ष आयुष तड़ियाल, कॉलेज इकाई अध्यक्ष गौरव जोशी, मानसी सती, मानव रावत, उदित झा, रिहान बंदौलिया, सृष्टि, शिवानी नेगी, सुजल थापा, दीपक कुशवाहा, अनमोल, सागर जोशी, प्रदीप कौशिक, भव्य रावत, इशांत, गौरव अग्निहोत्री, आशीष गुप्ता, वेदांग भट्ट, अतुल डोभाल आदि कई छात्र मौजूद रहे।









