

KANTH (MORADABAD)। श्री कृष्ण इंटर कॉलेज पाठंगी में आयोजित संकुल स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज कांठ, डीएसएम इंटर कॉलेज कांठ, श्री कृष्ण इंटर कॉलेज पाठंगी तथा पब्लिक इंटर कॉलेज उमरी के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्य रईस अहमद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं उनका उत्साहवर्धन करते हुए किया। पूरे आयोजन में महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज कांठ के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। विद्यालय के खिलाड़ियों ने सब जूनियर, जूनियर और सीनियर तीनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया।
सब जूनियर वर्ग के सिंगल में अवि यादव तथा डबल्स में अवि यादव व यशराज की जोड़ी विजेता रही। जूनियर वर्ग के सिंगल में रोबिन कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि डबल्स में प्रांजल शर्मा और रोबिन कुमार की जोड़ी विजयी रही। सीनियर वर्ग के सिंगल मुकाबले में गर्व अग्रवाल ने बाजी मारी, वहीं डबल्स में गर्व अग्रवाल और दिव्यांशु की जोड़ी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में विजेता रहे सभी खिलाड़ी अब 31 जुलाई 2026 को जी.जी. हिन्दू इंटर कॉलेज, मुरादाबाद में आयोजित जनपद स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के सफल संचालन एवं आयोजन में खेल शिक्षक पदम सिंह, कुलदीप कुमार, हरिनाथ यादव, राजेश सिंह और सुधीर कुमार का विशेष योगदान रहा। अंत में विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
Repo: Pankaj Kumar, Kanth ✍️










