

सागर।वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी 8225072664 * तहसीलदार देवरी ने शासकीय नवीन हाई स्कूल डोंगरसलैया के आकस्मिक निरीक्षण में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। निरीक्षण के दौरान विद्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार बंद मिला, जबकि बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिसर के बाहर खड़े होकर विद्यालय खुलने की प्रतीक्षा कर रहे थे।तहसीलदार द्वारा क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान किए गए निरीक्षण में यह स्थिति सामने आई। नोटिस में कहा गया है कि निर्धारित समय पर विद्यालय का मुख्य द्वार बंद होना न केवल प्रशासनिक दृष्टि से गंभीर लापरवाही है, बल्कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, अनुशासन एवं शिक्षा के अधिकार के प्रति उदासीनता का भी परिचायक है। इसे विद्यालय प्रशासन की निगरानी एवं नियंत्रण व्यवस्था की गंभीर विफलता माना गया है। नोटिस में उल्लेख किया गया है कि यह कृत्य शासकीय सेवक के अपेक्षित दायित्वों के विपरीत है तथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियमों की भावना के भी प्रतिकूल है। साथ ही इससे शासन एवं शिक्षा विभाग की छवि धूमिल होती है। तहसीलदार ने प्राचार्य को निर्देश दिए हैं कि नोटिस प्राप्त होने के तीन दिवस के भीतर तथ्यात्मक एवं अभिलेखीय साक्ष्यों सहित अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। यह भी कहा गया है कि यदि निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया अथवा वह असंतोषजनक पाया गया, तो उपलब्ध तथ्यों के आधार पर सक्षम प्राधिकारी के समक्ष एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।नोटिस में भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति न करने की कड़ी चेतावनी भी दी गई है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि दोबारा ऐसी स्थिति मिलने पर और अधिक कठोर विभागीय एवं प्रशासनिक कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन सक्षम प्राधिकारी को भेजा जाएगा। जारी नोटिस की प्रतिलिपि कलेक्टर सागर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) देवरी को भी आवश्यक कार्यवाही एवं अवलोकनार्थ प्रेषित की गई है।










