खेत में घास काटते समय किशोरी को साँप ने डसा, पीएससी पर चिकित्सक नहीं मिले
सीएचसी दुद्धी में भर्ती कर शुरू हुआ उपचार, डॉ. मनोहर सिंह की निगरानी में हालत स्थिर
दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_विंढमगंज थाना क्षेत्र के कोलिनडूबा गांव में बुधवार शाम एक किशोरी को खेत में घास काटते समय अज्ञात विषैले साँप ने डस लिया। समय रहते परिजनों द्वारा अस्पताल पहुंचाए जाने से उसकी जान बच गई। हालांकि परिजनों का आरोप है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएससी) विंढमगंज में चिकित्सक की अनुपस्थिति के कारण समय पर प्राथमिक उपचार नहीं मिल सका, जिसके बाद किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी रेफर करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार कोलिनडूबा गांव निवासी रविन्द्र की 16 वर्षीय पुत्री अर्चना बुधवार शाम लगभग 5 बजे घर के समीप खेत में घास काट रही थी। इसी दौरान अचानक एक अज्ञात साँप ने उसके बाएं पैर में डस लिया। घटना के बाद अर्चना की तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन बिना समय गंवाए उसे निजी वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण प्राथमिक उपचार नहीं मिल सका। इसके बाद परिजन तत्काल किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लेकर पहुंचे।
सीएचसी दुद्धी में डॉ. मनोहर सिंह एवं चिकित्सकीय टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सकों ने आवश्यक दवाएं देने के साथ किशोरी को निगरानी में रखा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार फिलहाल अर्चना की स्थिति स्थिर है और लगातार चिकित्सकीय देखरेख में उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि आपातकालीन परिस्थितियों में पीएससी पर चिकित्सकों की अनुपस्थिति मरीजों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे मामलों में मरीजों को समय पर उपचार मिल सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

















