उत्तर प्रदेशसोनभद्र

गुरु पूर्णिमा पर विंढमगंज में गायत्री परिवार का भव्य आध्यात्मिक आयोजन

वैदिक मंत्रोच्चार, सामूहिक यज्ञ एवं गुरु वंदना के बीच श्रद्धालुओं ने लिया आदर्श जीवन का संकल्प

विंढमगंज सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_ गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर बुधवार को विंढमगंज स्थित कल्याण मंडप परिसर में अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर वेदमाता गायत्री एवं युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की तथा उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, वैदिक मंत्रोच्चार, गुरु वंदना तथा गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने वेदमाता गायत्री एवं युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के चित्र पर पुष्प अर्पित कर गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। संपूर्ण परिसर वैदिक मंत्रों की गूंज एवं आध्यात्मिक वातावरण से गुंजायमान रहा।IMG 20260729 WA0008
मुख्य वक्ता के रूप में ग्राम नगवा, थाना अमवार (सोनभद्र) से पधारे शिव कुमार एवं विजय कुमार ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु केवल शिक्षा देने वाले नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले पथप्रदर्शक होते हैं। गुरु के सान्निध्य में ही व्यक्ति का नैतिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक विकास संभव है। उन्होंने गायत्री परिवार के विचारों एवं संस्कारों को जन-जन तक पहुँचाकर आदर्श एवं संस्कारित समाज के निर्माण का आह्वान किया।
इस अवसर पर सामूहिक यज्ञ, गायत्री मंत्र जप एवं प्रार्थना का आयोजन भी किया गया। श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, मानव कल्याण, राष्ट्र की उन्नति एवं सुख-समृद्धि के लिए आहुतियाँ अर्पित कीं। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों की उल्लेखनीय सहभागिता ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया। पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा एवं सकारात्मक आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत दिखाई दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में हुलास राम यादव, रामदास कुशवाहा, उमेश जायसवाल, डॉ. रूपनारायण गुप्ता, महेश कुशवाहा, शिव कुमार कुशवाहा, ओम प्रकाश यादव एवं प्रेम कुशवाहा सहित गायत्री परिवार के अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया तथा शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!