

KANTH (MORADABAD)। सावन माह की कांवड़ यात्रा एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना कांठ परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण IPS कुंवर आकाश सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनीता दहिया, उपजिलाधिकारी स्निग्धा चतुर्वेदी, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी रामेश्वर दयाल थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों, अमन कमेटी के सदस्यों, विभिन्न धार्मिक स्थलों के प्रतिनिधियों, संत-महात्माओं तथा डीजे संचालकों ने भाग लिया। अधिकारियों ने सभी से कांवड़ यात्रा और आगामी त्योहारों के दौरान आपसी सौहार्द, कानून-व्यवस्था एवं प्रशासन का सहयोग बनाए रखने की अपील की।

इस दौरान अधिकारियों ने उपस्थित लोगों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ यात्रा के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा डीजे संचालन से संबंधित नियमों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का संचालन थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह ने किया। उन्होंने सभी से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देकर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की। बैठक में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Repo: Pankaj Kumar, Kanth ✍️










