A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेताज़ा खबर

बैरिया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, शहीद स्मारक पर हुआ समापन

देशभक्ति के नारों से गूंजा बैरिया, पुलिस-प्रशासन सहित भाजपा नेताओं और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

बैरिया (बलिया)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर बुधवार को बैरिया में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ बैरिया मैनेजर सिंह त्रिमुहानी के पास से हुआ। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोग देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई तिरंगा यात्रा शहीद स्मारक पहुंची, जहां श्रद्धा एवं सम्मान के साथ इसका समापन किया गया।

तिरंगा यात्रा में एसएचओ बैरिया राजेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ प्रमुख रूप से मौजूद रहे। वहीं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, राणा दिव्यंत प्रताप सिंह, विवेकानंद गिरी, ब्लॉक प्रमुख बैरिया डॉ. मधु सिंह, विजय बहादुर सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों और युवाओं ने सहभागिता की।

यात्रा के दौरान वातावरण देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान से सराबोर रहा। प्रतिभागियों ने लोगों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया। पुलिस टीम की मौजूदगी में यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ी।

तिरंगा केवल ध्वज नहीं, हमारी पहचान और गौरव है:-डॉ मधु सिंह

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख बैरिया डॉ. मधु सिंह ने कहा कि, “तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके तीनों रंग हमें साहस, शांति और समृद्धि का संदेश देते हैं। स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग की बदौलत हमें आजादी मिली है। हमारा कर्तव्य है कि हम उनके सपनों के भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।”

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करना नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस को उत्साह के साथ मनाने और राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की।

शहीद स्मारक पहुंचने के बाद प्रतिभागियों ने देश के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

तिरंगा यात्रा ने बैरिया क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को देशभक्ति के रंग में रंग दिया और लोगों के बीच “राष्ट्र प्रथम” की भावना का संदेश पहुंचाया।IMG 20260812 WA0156 IMG 20260812 WA0158

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!