
*वर्धा / बल्लारशाह -* महाराष्ट्र के बल्लारशाह रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी घटना सामने आई है। तड़के सुबह ट्रेन से उतर रहे एक 17 वर्षीय छात्र से लूटपाट करने वाले दो शातिर आरोपियों को रेलवे पुलिस ने महज 5 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की हर तरफ सराहना हो रही है।
*क्या है पूरा मामला?*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिर्यादी जयंत विजय लोणारे, उम्र 17 वर्ष, निवासी आरमोरी, जिला गडचिरोली, कक्षा 12वीं का छात्र है। वह दिनांक 20/08/2026 को ट्रेन नंबर 12771 सिकंदराबाद – रायपुर एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में सफर कर रहा था।
सुबह करीब 4:30 बजे जब ट्रेन बल्लारशाह रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर पहुंची, तो जयंत ट्रेन से नीचे उतरा। प्लेटफॉर्म पर अंधेरा और सन्नाटा था। इसी का फायदा उठाकर पहले से घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और जबरन उसकी जेब से 2500 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद डरे-सहमे छात्र ने तुरंत रेलवे पुलिस चौकी बल्लारशाह में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर *रे.पो.चौकी बल्लारशाह में अपराध क्रमांक 47/2026 धारा 304(2), 3(5) BNS* के तहत मामला दर्ज किया गया।
*GRP और RPF ने बनाया संयुक्त जाल*
मामले की गंभीरता को देखते हुए GRP नागपुर के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे चुनौती के तौर पर लिया।
*मा. डॉ. मंगेश शिंदे, पुलिस अधीक्षक, GRP नागपुर और मा. डॉ. दत्ताराम राठोड, अपर पुलिस अधीक्षक, GRP नागपुर* के मार्गदर्शन में तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया।
इस टीम का नेतृत्व *PI पंजाबराव डोळे (प्रभारी LCB GRP नागपुर), PI विरसेन चहांदे (प्रभारी GRP वर्धा), थाना प्रभारी बलवीर सिंह (RPF चंद्रपुर) और इंचार्ज अमावत (CIB RPF नागपुर)* ने किया।
टीम में *पोहेकॉ/612 निकोडे (LCB GRP नागपुर), पोशि/16 भांगे, पोशि/571 चौधरी (GRP वर्धा), प्रधान आरक्षक सचिन अलने, प्रधान आरक्षक भूपेंद्र बाथरी (RPF बल्लारशाह) और ASI मंगेश पायघन (CIB RPF नागपुर)* शामिल थे।
पुलिस ने तकनीकी जानकारी और मुखबिर तंत्र के आधार पर बल्लारशाह स्टेशन के काजीपेठ साइड के आउटर एरिया में जाल बिछाया।
*5 घंटे में दोनों लुटेरे शिकंजे में*
पुलिस की मुस्तैदी रंग लाई और लूट की वारदात के महज 5 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं –
*1. विक्रम मनोहर नखाते, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 1, तामसवाडी, पो. उमरवाडा, ता. तुमसर, जिला भंडारा*
*2. सलीम जावेद पिता मोहम्मद हनीफ, उम्र 45 वर्ष, निवासी वकील किराना स्टोर्स के पास, कब्रिस्तान रोड, मोमिनपुरा, नागपुर*
पुलिस चौकी लाकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। बाद में फिर्यादी जयंत ने भी दोनों आरोपियों की पहचान कर ली। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई पूरी रकम 2,500 रुपये बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रिपोर्ट के साथ रेलवे पुलिस स्टेशन वर्धा के हवाले कर दिया गया है और इस तरह इस लूट के मामले का पर्दाफाश हो गया।
*रेलवे पुलिस की अपील*
इस घटना के बाद रेलवे पुलिस ने सभी यात्रियों से अपील की है कि रात के समय या सुबह तड़के अंधेरे में स्टेशन के सुनसान इलाके में अकेले न रुकें और न सोएं। हमेशा रोशनी वाली जगह पर या वेटिंग हॉल में ही ठहरें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर तुरंत GRP / RPF को सूचित करें।





