
जुआ खेलते दो गिरफ्तार, धारदार चाकू लेकर घूम रहा युवक भी पुलिस के हत्थे चढ़ा
कोटा से श्याम सुंदर शर्मा की विशेष रिपोर्ट
कोटा, 19 अगस्त। कोटा शहर में अवैध हथियारों, मादक पदार्थों तथा जुआ-सट्टे की गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशोरपुरा थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर रुपये का दांव लगाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे दो व्यक्तियों को पकड़ा, वहीं एक युवक को अवैध धारदार चाकू लेकर घूमते हुए गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम, आईपीएस, के निर्देशन में अवैध हथियारों, मादक पदार्थों तथा जुआ-सट्टे के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाषचन्द्र मिश्रा एवं वृत्ताधिकारी प्रथम कोटा शहर मनीष शर्मा के निर्देशन तथा किशोरपुरा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक चेतन शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पशुमेला ग्राउंड के पास चाकू लेकर घूम रहा था युवक
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त 2026 को सहायक उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र यादव मय जाप्ता क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पशुमेला ग्राउंड, कटे अम्बेडकर भवन के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में मिला। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से अवैध धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान मुकेश मलिक पुत्र गणेश मलिक, उम्र 30 वर्ष, निवासी परनिया, थाना कंवरगढ़, जिला बारां, हाल दकुया बस्ती, थाना जवाहर नगर, कोटा शहर के रूप में की है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चाकू बरामद किया।
सार्वजनिक स्थान पर ताश से जुआ खेलते दो पकड़े
इसी कार्रवाई के दौरान सहायक उपनिरीक्षक शिवराज सिंह मय जाप्ता ने क्षेत्र में गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थान पर ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे दो व्यक्तियों को पकड़ा।
पुलिस ने मौके से बन्ने सिंह पुत्र ब्रजमोहन, उम्र 46 वर्ष, निवासी खुसतला गांव, तहसील रवांजना डूंगर, जिला सवाई माधोपुर तथा बाबूलाल पुत्र मोतीलाल, उम्र 40 वर्ष, निवासी फूलबड़ोद, हरनावदा, तहसील छीपाबड़ौद, जिला बारां को गिरफ्तार किया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में किशोरपुरा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक चेतन शर्मा के साथ सहायक उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र यादव, सहायक उपनिरीक्षक शिवराज सिंह, नटवर हेड कांस्टेबल, मुकेश कुमार कांस्टेबल, राजूसिंह कांस्टेबल एवं लखराज कांस्टेबल सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने वालों में हड़कंप मचा है। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में लगातार निगरानी और कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।









