

कुंदरकी में विवाहिता से छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न का आरोप: पति, देवर और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज
वंदे भारत / नूर मोहम्मद
कुंदरकी थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने पति, देवर और सास पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विवाहिता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी लगभग तीन वर्ष पहले मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार सैफपुर चित्तू निवासी शाने आलम से हुई थी। आरोप है कि शादी के करीब आठ महीने बाद ही पति ने उसके साथ मारपीट और उत्पीड़न करना शुरू कर दिया।
महिला ने अपनी सास सायरा पर भी ताने देने और बेटों के साथ मिलकर दहेज की मांग करने का आरोप लगाया है। विवाहिता का यह भी आरोप है कि उसका देवर गोसे उस पर गलत नजर रखता था और उसके साथ छेड़छाड़ करता था।
विवाहिता ने जब देवर की हरकतों की शिकायत पति से की, तो पति ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और यह कहकर टाल दिया कि “देवर है, ऐसा करता ही है।” इसके बाद ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
विवाहिता पिछले लगभग आठ महीने से अपने मायके में रह रही है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति, देवर और सास के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।








