
कटनी,,

कटनी जबलपुर से मैहर की ओर जा रहा एक लोडेड कैप्सूल ट्रक गुरुवार को पीरबाबा बाईपास फ्लाईओवर ब्रिज पर चढ़ते समय अचानक अनियंत्रित होकर पीछे की ओर बेक हो गया। बेकाबू कैप्सूल ने सड़क किनारे लगे एनएचएआई के डिवाइडर को क्षतिग्रस्त किया और चौरसिया ढाबे के पास पलटकर रुक गया। हादसे के दौरान गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन क्रमांक MP19-HA-8110 में चालक कौशल पटेल पिता राम प्रसाद पटेल, उम्र 39 वर्ष, निवासी अमरपाटन तथा कंडक्टर सवार थे। वाहन के मालिक पुष्पेंद्र मिश्रा बताए गए हैं। हादसे के बाद चालक और कंडक्टर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जिस स्थान पर कैप्सूल पलटा, उसके समीप चौरसिया ढाबा संचालित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। हादसे के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इसके अलावा फ्लाईओवर के पास निर्माण कार्य में लगे मजदूर भी कुछ समय पहले खाना खाने के लिए मैगी ढाबे की ओर चले गए थे। यदि मजदूर या ढाबे पर मौजूद लोग उस समय कैप्सूल की चपेट में आ जाते, तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था।

सड़क हादसे की जानकारी ट्रैफिक थाना प्रभारी टीआई अनूप सिंह को जैसे ही मिली, उन्होंने बिना देर किए अपने ट्रैफिक पुलिस बल को तत्काल मौके पर रवाना किया। सूचना मिलते ही एसआई शशिभूषण दुबे, एएसआई अशोक सिंह एवं आरक्षक राज कुमार अहिरवार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की स्थिति संभाली।
ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया तथा एनएचएआई विभाग को सूचना दी। इसके साथ ही झिंझरी चौकी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
हाइड्रा की मदद से हटाया गया पलटा कैप्सूल
एनएचएआई की टीम ने हाइड्रा की मदद से पलटे हुए कैप्सूल को सड़क किनारे सुरक्षित रूप से साइड कराया। इसके बाद मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु की गई। हादसे में कैप्सूल ट्रक और सड़क किनारे लगे एनएचएआई के डिवाइडर को नुकसान पहुंचा है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
बाल-बाल बची कई जिंदगियां:जिस जगह कैप्सूल पलटा, वहां ढाबे पर लोगों की आवाजाही और निर्माण स्थल पर मजदूरों की मौजूदगी आम बात है। हादसे के समय लोगों का वहां मौजूद नहीं होना और ट्रैफिक पुलिस का तत्काल मौके पर पहुंचना, दोनों ही बड़ी जनहानि टलने की अहम वजह रहे।
कटनी ब्यूरो चीफ सुरेन्द्र कुमार शर्मा
नित नई खबर एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें








