
अजीत मिश्रा (खोजी)
।। पूर्व विधायक की गाड़ी पर जानलेवा हमले में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर लावारिस हाल में बरामद।।
16 दिसंबर 25, उत्तर प्रदेश।
डुमरियागं/ सिद्धार्थनगर ।। पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह की गाड़ी पर अज्ञात फॉर्च्यूनर से किए गए जानलेवा हमले के मामले में डुमरियागंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने सोमवार को हमले में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर वाहन (एमएच 02 एफके 1100) को लावारिस हालत में बरामद कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार बीते दो दिसम्बर की रात करीब 8:20 बजे पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह लखनऊ से डुमरियागंज लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी सोनहटी चौराहा पार कर आगे बढ़ी, तभी पीछे से एक फॉर्च्यूनर ने उनकी गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि सोनहटी और बंजरहा के बीच फॉर्च्यूनर ने दो बार तेज रफ्तार में ओवरटेक कर पूर्व विधायक की गाड़ी को जानबूझकर सड़क से नीचे खाई में गिराने का प्रयास किया। घटना में पूर्व विधायक, उनके चालक और सुरक्षाकर्मियों की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया। इसके बाद चालक की तहरीर पर थाना डुमरियागंज में मु0अ0सं0 234/25 के तहत बीएनएस की धाराएं 61(2), 281, 324(4), 351(3) एवं 62 में मुकदमा दर्ज किया गया।
सोमवार को मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक अजय कुमार तिवारी, कांस्टेबल राहुल यादव, जयहिंद राजभर की टीम ने राप्ती नदी पुल पीच रोड के पास से वांछित फॉर्च्यूनर को लावारिस हालत में बरामद कर थाना डुमरियागंज में दाखिल कराया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामला अत्यंत गंभीर है। वाहन बरामद कर लिया गया है और अब सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
















