
CM को काला झंडा दिखाने के मामले में नपे नौगढ़ थानाध्यक्ष, जानिए अब आगे क्या होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह के खिलाफ जौनपुर में जांच चल रही थी। उसी के तहत यह कार्यवाही की गई है। उनके चरित्र पंजिका पर भी यह कार्रवाई चस्पा कर दी गई है।
चंदौली जनपद के नौगढ़ थाना अध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह को पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगहे ने तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करते हुए पुलिस मुख्यालय बुला लिया है। इस फैसले से पुलिस विभाग में खलबली मची है। जानकारी के अनुसार वर्तमान में जनपद के नौगढ़ थाने पर थानाध्यक्ष के रूप में तैनात जितेंद्र बहादुर सिंह पर कार्यवाही 2022 में जौनपुर जनपद के जलालपुर थाना में तैनाती के दौरान मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाए जाने के मामले में की गई है।
आगे इस तरह हो सकती है कार्रवाई
जितेंद्र बहादुर सिंह वर्तमान में जनपद के नौगढ़ थाने में तैनात हैं। उनके खिलाफ जौनपुर में जांच चल रही थी। उसी के तहत यह कार्यवाही की गई है। उनके चरित्र पंजिका पर भी यह कार्रवाई चस्पा कर दी गई है। अब उनको अपने बचाव के लिए आगे की कार्यवाही करनी होगी। इसमें वह डीआईजी के यहां अपना प्रत्यावेदन देंगे। डीआईजी अब उनके प्रत्यावेदन पर सुनवाई करेंगे। जितेंद्र बहादुर सिंह का डॉक्यूमेंट व सच्चाई सामने आने पर डीआईजी इन्हें बरी भी कर सकते हैं या फिर उनके प्रत्यावेदन को निरस्त भी कर सकते हैं। उसके बाद बचाव के लिए आगे डीजीपी के यहां भी अपील करने का मौका इन्हें मिलेगा या फिर न्यायालय का शरण भी ले सकते हैंऔचक निरीक्षण से खलबली
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगहे के जनपद में आने के बाद उनके कार्यवाही से पुलिस महकमे में हड़कंप मची हुई है। पुलिस अधीक्षक के आने के बाद सबसे बड़ी कार्यवाही थाने में वसूली करने वालों पर करते हुए उन्हें पुलिस लाइन में विशेष प्रशिक्षण के लिए तलब किया है। रात में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान फरार रहने वाले पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही से भी खलबली मची हुई है। पीड़ितों को न्याय देने के लिए सुबह 10:00 से दोपहर 2:00 बजे तक सभी थाना अध्यक्षों को गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन रहने का भी एसपी ने निर्देश दिया है। पीड़ितों को तुरंत न्याय भी दिया जा रहा है, जिससे पुलिस अधीक्षक की कार्यशैली की प्रशंसा हो रही है। ।











