ग्वालियर में 75 सैंपल की जांच में डेंगू के 19 नए केस, इनमें आठ बच्चे
ग्वालियर। गजराराजा मेडिकल कालेज और जिला अस्पताल में हुए 375 सैंपल की जांच में बुधवार को 33 डेंगू पाजिटिव निकले। इनमें ग्वालियर के 19 केस और 14 दूसरे जिले के हैं। ग्वालियर के 19 केस में 8 बच्चों को डेंगू की पुष्टि हुई है। इनकी उम्र दो साल से लेकर 15 साल तक है।
जनवरी से लेकर अब तक जिले में कुल डेंगू पाजिटिव मरीजों की संख्या 964 पहुंच गई है। नए पाजिटिव मरीजों की पुष्टि होने के बाद मलेरिया अधिकारी डा. विनोद कुमार दौनेरिया ने पीड़ितों के स्वास्थ्य की जानकारी लेकर टीम को सर्वे करने के निर्देश दिए। साथ ही जांच टीमों ने विभिन्न वार्डों में पहुंचकर लार्वा सर्वे किया। लार्वा सर्वे के दौरान लोगों को डेंगू और मलेरिया से बचाव की जानकारी दी गई।
संक्रामक बीमारियों और मच्छरों की रोकथाम के लिए नगर निगम द्वारा सभी वार्डों में फागिंग व कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है। विशेष तौर पर डेंगू प्रभावित इलाकों पर निगम को ज्यादा फोकस है। इसके चलते निगम के अमले ने हुजरात पुल, मोर बाजार, मेला ग्राउंड के पीछे दुल्लपुर, बालाबाई का बाजार, बैंड मार्केट, दीनदयाल नगर, आदित्यपुरम, गदाईपुरा, रेशम मिल, कांचमिल, गोल पहाड़िया, पिंटो पार्क, विनय नगर, शिव विहार कालोनी, चार शहर का नाका, हनुमान चौराहा, तानसेन नगर, सांई विहार कालोनी, संगम विहार कालोनी, माधवगंज, बड़ागांव, दर्पण कालोनी आदि इलाकों में फागिंग के साथ ही कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया।







