
*पति की मौत पर पिता ने विधायक से की कार्यवाही करने की मांग*
राठ(हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के टोला गाँव में एक मजदूर युवक की झांसी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों के चलते मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने गांव के ही एक व्यक्ति पर तीन माह पहले उसके पति को तेजाब पिलाने का आरोप लगाया है। मृतक के स्वजनों ने कोतवाली गेट पर शव रखकर क्षेत्रीय विधायक मनीषा अनुरागी की गाड़ी को रोककर जमकर हंगामा काटा। जिसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्वजनों को समझा बुझाकर शांत कराया।
कोतवाली के टोला गांव निवासी महेश पुत्र देशराज पाल ने बताया कि 3 माह पहले गांव के सीताराम उसके छोटे भाई 32 वर्षीय भीम को शराब की जगह तेजाब पिला दिया था। तेजाब पीने के बाद उसके भाई की हालत बिगड़ गई थी। जिसे सीएचसी ले गए थे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने मेडिकल कालेज उरई रेफर कर दिया था। उरई से झांसी और ग्वालियर सहित अन्य तमाम जगहों पर इलाज चलता रहा। बताया कि बुधवार सुबह करीब 4 बजे उसके भाई की झांसी में मौत हो गई। आरोप लगाया कि पुलिस में शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बुधवार की शाम मृतक के स्वजन शव लेकर कोतवाली पहुंच गए। जहां स्वजनों ने कोतवाली के गेट पर शव रखकर हंगामा काटना शुरु कर दिया। वहीं उसी दौरान डिप्टी सीएम केशव मौर्य के जाने के बाद कार्यक्रम से वापस लौट रही विधायक मनीषा अनुरागी की कार को भी आक्रोशित स्वजनों ने रोकते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। इसके बाद सूचना पर पहुंचे क्राइम इंस्पेक्टर दिनेश कुमार पांडेय ने किसी तरीके से मृतक के स्वजनों को समझा बूझाकर जाम को खुलवाया। मृतक के स्वजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। कोतवाल राम आसरे सरोज ने बताया कि तीन पहले आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। जिसमें आरोपित को जेल भेज दिया गया था। बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नोट—— विधायक से आपबीती बताते मृतक के परिजनों का फोटो





