

दहेज हत्या मामले में पति और देवर गिरफ्तारः मैंनाठेर में विवाहिता की मौत, दोनों को भेजा जेल.
वंदे भारत /नूर पत्रकार
मैनाठेर। लालपुर हमीर गांव में विवाहिता अंजाना की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मैनाठेर पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुकदमे में वाछित पति मुदस्सिर पुत्र फारुक और मुकम्मिल पुत्र फारुक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार मुरादाबाद भेजा जाएगा।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के लालू नगला निवासी सुवहान पुत्र बुन्दू की तहरीर पर उसकी बहन अंजाना की मौत के संबंध में थाना मैनाठेर में मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रारंभ में मुकदमा धारा 103(1), 85 बीएनएस और 3/4 डीपी एक्ट के तहत मुदस्सिर समेत 10 लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मुकदमे में धारा 103 (1) बीएनएस का विलोपन करते हुए धारा 108 बीएनएस की बढ़ोतरी की। इसके बाद पुलिस टीम ने शुक्रवार को मामले में वांछित मुदस्सिर और मुकम्मिल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त रस्सी के चार टुकड़े और एक कैंची बरामद करने का भी दावा किया है।
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक किरनपाल सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आकाश त्यागी, कांस्टेबल फहीम अहमद और रिजर्व कांस्टेबल नितिन कुमार की टीम ने की। पुलिस का कहना है कि मामले में विवेचना जारी है और अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।





