
शिकायत वापस न लेने पर तीन को पीटा
हाथरस सिकंदराराऊ। नहरपुर दोस्तपुर गांव में थाना छाता मथुरा में दी गई शिकायत वापस न लेने पर तीन लोगों को पीटा गया। एक पीड़ित कौशल कुमार ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दर्ज रिपोर्ट में पीड़ित ने बताया कि 19 अगस्त की सुबह करीब सात बजे सचिन, भूपेंद्र, राजा और गॅजेंद्र उनके घर आए और गाली-गलौज करते हुए थाना छाता जिला मथुरा में दी गई शिकायत वापस लेने के लिए कहा। मना करने पर आरोपियों ने डंडों और सरिया से हमला कर दिया। बचाने पर मुन्नी और लक्ष्मी को भी आरोपियों ने पीटकर घायल कर दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।
प्लॉट की सफाई कर रहे युवक पर हमला
सिकंदराराऊ। गांव कचौरा में नामजदों ने प्लॉट की सफाई कर रहे एक अनुसूचित जाति के युवक को पीटकर घायल कर दिया। प्राथमिकी दर्ज कराते हुए गांव निवासी नीरज कुमार ने कहा है कि 20 अगस्त की दोपहर करीब तीन बजे वह अपने खाली प्लॉट की सफाई कर कर रहे थे। तभी गांव के ही जितेंद्र, मनवीर, मुकेश अपने बहनोई के साथ उनके प्लॉट पर पहुंचे और जातिसूचक गालियां देने लगे। आरोपियों ने प्लॉट पर कब्जा करने की धमकी दी। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों, सरिया एवं लोहे की रॉड से उन पर हमला किया, जिससे वह घायल हो गए। कोतवाल शिवकुमार शर्मा का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है। संवाद
विधवा महिला को पीटकर किया लहूलुहान
सिकंदराराऊ। कस्बा पुरदिलनगर के मोहल्ला पथवारी गेट में नामजदों ने घर में घुसकर एक विधवा महिला को पीटकर घायल कर दिया। प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अनीता पत्नी स्वर्गीय मोहन ने कहा है कि 15 अगस्त की सुबह करीब 5.30 बजे वह घर से अपने दूसरे मकान पर गाय को चारा देने गई थीं। तभी महेश, उसकी पत्नी शकुंतला व बेटे शिवा गाली-गलौज करते हुए घर में घुस आए। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गईं। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। कोतवाली निरीक्षक शिवकुमार शर्मा का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
गर्भवती पत्नी को पीटा, पेट में लात मारी
सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के गांव नौरथा ईशेपुर में एक गर्भवती महिला ने शराबी पति पर पीटने और पेट में लात मारने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। गांव निवासी नीलम पत्नी प्रमोद कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कहा है कि वह आठ माह की गर्भवती हैं। उनका पति प्रमोद कुमार आए-दिन शराब पीकर उनसे गाली-गलौज करता है और पीटता है। घर में खाने का खर्च नहीं देता। 19 अगस्त की – शाम छह बजे भी पति ने गाली-गलौज कर उन्हें बेरहमी से पीटा, जिससे वह घायल हो गईं। कोतवाल शिवकुमार शर्मा का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
तमंचा-कारतूस के साथ एक गिरफ्तार
सिकंदराराऊ। कोतवाली पुलिस ने गांव नारई के निकट से अर्जुन सिंह को तमंचा और एक कारतूस के साथ पकड़ा। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
शिकायत वापस न लेने पर तीन को पीटा




