
खेत में फसल की कटाई करते किसानों पर मधुमक्खियाें का हमला, मची अफरा-तफरी, 12 से अधिक घायल
Pali News : पाली शहर के निकट मंडली खुर्द गांव के निकट एक खेत में शुक्रवार दोपहर को सरसों की फसल काटने के दौरान मधुमक्खियाें ने किसानों पर हमला कर दिया। जिससे 12 से अधिक किसान घायल हो गए। उन्हें बांगड़ अस्पताल के ट्रोमा सेंटर लाया गया। जहां चिकित्सकों ने सभी का उपचार किया।जानकारी के अनुसार मंडली गांव निवासी प्रदीप सिंह (32) पुत्र गणपत सिंह राजपूत ने शुक्रवार सुबह अपने खेत में सरसों की कटाई के कार्य के लिए लेबर के रूप में किसानों को काम पर लगाया था। दोपहर में फसल की कटाई करने के दौरान कुछ महिलाएं खेत में बनाए चूल्हे पर चाय बना रही थी। इस दौरान धुआं हो गया। फसल के बीच मधुमक्खी के एक छज्जे पर बैठी मधुमक्खियों के झुण्ड ने किसानों पर हमला कर दिया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मधुमक्खियाें के डंक मारने से 12 से अधिक महिलाएं व पुरुष घायल हो गए। खेत मालिक व अन्य युवकों ने उन्हें अपने वाहनों से उन्हें बांगड़ अस्पताल के ट्रोमा सेंटर पहुंचा। जहां चिकित्सकों ने सभी घायलों का उपचार किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों ने कुछ घायलों को अस्पताल में भर्ती किया तो कुछ का उपचार के बाद छुट्टी दे दी।ये हुए घायल
मधुमक्खियों के हमले में गीता देवी (50) पत्नी पूनम गुर्जर, सोनी देवी (45) पत्नी सोहन गुर्जर, गनकी देवी (24) पत्नी कुरपाल गुर्जर, रामलाल (49) पुत्र जेठाराम बावरी, प्रदीप सिंह (32) पुत्र गणपत सिंह राजपूत, प्रेमादेवी (40) पत्नी हिमताराम, लीला देवी (40) पत्नी मांगीलाल, प्रेम देवी (24) पत्नी नरेश बाबरी, सुमन (30) पत्नी जगदीश देवासी, नेमाराम (27) पुत्र जोगाराम बावरी, किशन (35) पुत्र कस्तूर मेघवाल और सुखदेव (52) पुत्र मालाराम हीरागर घायल हो गए। सभी घायल मंडली गांव निवासी हैं।