
Ghazipur_ जमानिया-धरम्मरपुर सेतु से शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे एक 16 वर्षीय किशोरी मां की डांट से नाराज होकर गंगा में कूद गई। गंगा में मौजूद मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
किशोरी पुल पर टहल रही थी। अचानक उसने रेलिंग पर चढ़ कर कूदने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रोकने के लिए आवाज लगाई और ऐसा न करने की गुजारिश की लेकिन वह नहीं मानी और देखते ही देखते नदी में कूद गई। नदी में पहले से मौजूद मछुआरों ने तुरंत किशोरी को डूबने से बचा लिया। इसके बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान बालिका ने पहले अपने घर का पता नोएडा और लखनऊ बताया और ट्रेन से स्थानीय स्टेशन पहुंचने की बात कही।
लेकिन, बाद में समझाने-बुझाने पर उसने अपना सही नाम और पता बताया। जो स्थानीय कोतवाली क्षेत्र का है। वह 10वीं की छात्रा है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है और किशोरी के परिवार से संपर्क किया है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि किशोरी ने अपनी मां की डांट से नाराज होकर इस प्रकार का कदम उठाया था।





