
वाराणसी : सूदखोरों की धमकियों से तंग आकर युवक ने लगाई थी फांसी
वाराणसी लालपुर- पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज मोहल्ले में 30 वर्षीय सागर विश्वकर्मा के फांसी लगाकर खुदकुशी मामले में नया मोड़ आ गया है। सागर निजी कम्पनी में काम करता था। रविवार को मृतक सागर के पिता गोपाल विश्वकर्मा ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में सूद पर पैसा देकर वसूली करनेवाले लोगों को अपने बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पिता का गंभीर आरोप है कि सूद पर कर्ज देनेवाले मेरे बेटे को कभी फोन करके तो कभी घर आकर धमकियां देते रहे। इससे तंग आकर बेटे ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पिता ने सूदखोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।गौरतलब है कि शनिवार की शाम हुकुलगंज में दुर्गा मंदिर के पास रहनेवाले सागर विश्वकर्मा ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। मृतक के पिता गोपाल विश्वकर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके बेटे ने कई लोगों से कर्ज लिया था, जो ब्याज के रूपये और मूलधन के लिए अक्सर परेशान करते थे। हुकुलगंज के काजू रावत और सोयेपुर के चंद सूदखोरी का धंधा करते हैं। यह दोनों कभी फोन करके तो कभी घर आकर सागर को धमकाते रहते थे। इसके अलावा बेटे ने कुछ और लोगों से भी कर्ज लिया था, जो अक्सर उसे फोन कर धमकियां देते रहे। कर्ज देनेवालों को वह कुछ पैसे लौटाता रहा लेकिन उनका ब्याज हमेशा बढ़ जाता रहा। कर्ज देनेवालों की धमकियों से तंग आकर बेटे ने फांसी लगा ली।









