
गोविंदपुर:- प्रखंड अंतर्गत शनीवार संध्या को अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई. गोविंदपुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष भोला प्रसाद सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना क्षेत्र में गहन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया
. इस दौरान पुलिस को झारखंड की सीमा से सटे क्षेत्र में विदेशी शराब बरामद करने में सफलता मिली. थाना के एएसआई रामबली प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने झारखंड सीमा से लगे दर्शन नाला के पास वाहनों की तलाशी शुरू की. इसी क्रम में एक दोपहिया वाहन पर सवार संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन पुलिस को देखते ही शराब तस्कर वाहन से उतरकर पीठ पर लदे बैग को फेंककर झारखंड की ओर भाग निकले. पुलिस ने जब बैग की तलाशी ली तो उसमें 375 एमएल की 10 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई. शुरुआती जांच में यह शराब झारखंड से बिहार में अवैध रूप से तस्करी कर लाने की बात सामने आ रही है. बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के कारण शराब का व्यापार गैरकानूनी है, बावजूद इसके सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार तस्करी की कोशिशें हो रही हैं. प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब माफियाओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे. पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है. शराब को जब्त कर उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.







