आलू की बुआई कर रहे छात्र ने पुलिस को देख नदी में लगाई छलांग, कई पुलिस कर्मी सस्पेंड
कन्नौज।
कन्नौज में खेत में आलू की बुआई कर रहे छात्र ने पुलिस को देखकर नदी में छलांग लगा दी। छह घंटे बीतने के बाद भी छात्र का पता नहीं चल सका। एसपी, कोतवाल समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए और छात्र की तलाश शुरू कराई है। कोतवाली गुरसहायगंज के ग्राम तेरारागी के मजरा देवीपुरवा निवासी कमलेश का 17 वर्षीय पुत्र धर्मवीर इंटर का छात्र है। रविवार को खेत में आलू की बुआई कर रहा था।
रविवार सुबह करीब 10 पुलिस कर्मियों ने गांव जाकर धर्मवीर के बड़े भाई किशनपाल के बारे में पूछा, जिस पर दो वर्ष पहले एक लड़की को ले जाने का आरोप है। घर पर किशनपाल की मां अमरावती व छोटे भाई रामजीत मिले। मां ने बताया कि किशनपाल बाहर रहता है और एक बेटा धर्मवीर खेत पर काम कर रहा है। पुलिस खेत पर पहुंची तो धर्मवीर भागकर काली नदी की झाड़ियों के बीच छिप गया, जब पुलिस ने खोजबीन की तो छात्र नदी में कूद गया। इसके बाद पुलिसकर्मी चले गए। परिजनों ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी। करीब छह घंटे बीतने के बाद भी छात्र का पता नहीं चल सका। इससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। जानकारी पर एसपी विनोद कुमार, कोतवाल आलोक दुबे बल के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से छात्र की तलाश करा रहे हैं।
*अब तक इस मामले में यह हुई कार्यवाही*
विवेचक दरोगा हरीश यादव,आरक्षी रविन्द्र निलंबित
कोतवाली प्रभारी आलोक दुबे को किया गया निलंबित
पीड़ित परिवार को आवास योजना के तहत मिलेगा घर
कृषि योग्य भूमि का पट्टा पीड़ित परिवार को मिलेगा
गुरसहायगंज कोतवाली के देवीपूर्वां का रहने वाला है परिवार