A2Z सभी खबर सभी जिले की

चलती बाइक बनी आग का गोला

धुआं उठता देख मची अफरा-तफरी, चालक ने कूदकर बचाई जान

चलती बाइक बनी आग का गोला! धुआं उठता देख मची अफरा-तफरी, चालक ने कूदकर बचाई जान

हाटा कुशीनगर । रविवार को हाटा कोतवाली क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब नेशनल हाईवे-28 पर दौड़ रही एक बाइक अचानक आग का गोला बन गई। इंजन से उठता धुआं और पलभर में भड़कती लपटें देख राहगीरों की सांसें थम गईं, लेकिन बाइक सवार की सूझबूझ ने एक बड़ा हादसा होने से बचा लिया।
घटना हाटा नगर पालिका क्षेत्र में राधा पैलेस के सामने की है। यमहा एजेंसी में कार्यरत रिंटू मद्धेशिया अपनी बाइक की जांच कराने जा रहे थे। अचानक बाइक के इंजन से धुआं उठने लगा। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, बाइक में भीषण आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर उन्हें सचेत किया। खतरे को भांपते ही रिंटू ने चलती बाइक से छलांग लगा दी और कुछ ही सेकेंड बाद बाइक धू-धू कर जलने लगी।
आग इतनी विकराल थी कि कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। देखते ही देखते बाइक पूरी तरह खाक हो गई। इस दौरान हाईवे पर यातायात ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जलती बाइक को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन आग बुझाने का कोई तत्काल साधन न होने से बाइक को बचाया नहीं जा सका।
काफी देर बाद जब आग शांत हुई, तब जाकर आवागमन धीरे-धीरे सामान्य हो सका। राहत की बात यह रही कि इस सनसनीखेज घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कुछ पलों के लिए हाईवे पर दहशत का माहौल जरूर बन गया।

Back to top button
error: Content is protected !!