

कसडोल।
नए साल की शुरुआत के साथ ही कसडोल पुलिस ने कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कसडोल थाना प्रभारी अजय झा के नेतृत्व में पुलिस ने अपनी पत्नी की नृशंस हत्या करने वाले आरोपी पति को महज 02 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
घटना दिनांक 04 जनवरी 2026 की रात्रि ग्राम टेमरी की है, जहां आरोपी मोतीलाल पारधी ने घरेलू विवाद के दौरान आवेश में आकर टंगिया के लकड़ी के बेठ से अपनी पत्नी मेहतरीन पारधी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रार्थी राजेश पारधी की रिपोर्ट पर थाना कसडोल में अपराध क्रमांक 15/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में कसडोल पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस टीम ने देर रात ही ग्राम टेमरी पहुंचकर घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया, महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य एकत्र किए और ग्रामीणों से गहन पूछताछ की।
त्वरित विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी पति मोतीलाल पारधी (उम्र 62 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने पत्नी से हुए झगड़े के बाद आवेश में आकर हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस की इस तेज़ और सटीक कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
कसडोल पुलिस ने आरोपी को दिनांक 05 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।
आरोपी विवरण:
नाम – मोतीलाल पारधी
उम्र – 62 वर्ष
निवासी – ग्राम टेमरी, थाना कसडोल
नए साल में कसडोल पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है—कानून से बचना अब मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन है।











