
गुरुवार को तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज कुछ छात्र हाई स्कूल परीक्षा केंद्र देखने जा रहे थे, तभी रास्ते में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, चचरी शाहपुर मार्ग पर बाबापुरवा के पास एक अर्टिगा कार ने बाइक सवार छात्रों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गौरा सिंहपुर निवासी आकाश (पुत्र राम सिंह) गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्रों को तत्काल परपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे में घायल अन्य दो छात्रों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि आकाश के रिश्तेदारी में गुरुवार को ही वैवाहिक कार्यक्रम था। शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। आकाश की असमय मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार और गांव में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है।









