
लूणी, 14 मई। भीषण गर्मी के दौर में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उप तहसील क्षेत्र गुड़ा बिश्नोई में राजस्व कर्मचारियों द्वारा “चिरैया अभियान” के तहत परिंडे लगाने का सराहनीय अभियान चलाया गया। इस अभियान के माध्यम से क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, पेड़ों एवं बगीचों में पक्षियों के लिए पानी के परिंडे लगाए गए, ताकि गर्मी में पक्षियों को राहत मिल सके।
अभियान के दौरान राजस्व कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देते हुए लोगों से भी अपने घरों एवं आसपास पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने की अपील की। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती गर्मी और जल संकट के कारण पक्षियों का जीवन प्रभावित हो रहा है, ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह जीव संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाए।
इस अवसर पर उपतहसीलदार शैतानसिंह राजुरोहित राजस्व कार्मिक दलपत पालीवाल, सुखदेव मोंगस, प्रशांत नोगीया, नरेंद्र सिंह, अशोक बिश्नोई, सुभाष बिश्नोई, रमेश डूडी, भगवती बिश्नोई, मैकारम बिश्नोई, भबूत राम बिश्नोई सहित कई गणमान्य नागरिक एवं गार्डनिंग से जुड़े लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं पक्षियों की सेवा के लिए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियान लगातार चलाने का संकल्प लिया।


