


सागर। वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में पुलिस लाइन सागर में बलवा परेड एवं दंगा नियंत्रण ड्रिल का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल को किसी भी आकस्मिक कानून-व्यवस्था की स्थिति, सामूहिक उपद्रव, प्रदर्शन, धरना, जुलूस अथवा बलवा जैसी परिस्थितियों से प्रभावी एवं पेशेवर तरीके से निपटने हेतु तैयार करना था। कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक सागर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) बीना, उप पुलिस अधीक्षक यातायात, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय, नगर पुलिस अधीक्षक मकरोनिया सहित जिले के शहर के सभी एवं देहात क्षेत्र के 15 थानों के थाना प्रभारी अपने-अपने पुलिस बल के साथ उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यापक सहभागिता के साथ प्रशिक्षण का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित पुलिस बल को दो दलों में विभाजित कर बलवा नियंत्रण संबंधी विभिन्न व्यावहारिक अभ्यास कराए गए। प्रशिक्षण में बलवा नियंत्रण के दौरान अपनाई जाने वाली रणनीतियों, टीम समन्वय, भीड़ नियंत्रण की तकनीकों, सुरक्षा उपायों तथा उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग का अभ्यास कराया गया। साथ ही दंगा नियंत्रण उपकरणों एवं सुरक्षा सामग्री को सही ढंग से धारण करने तथा आवश्यकता अनुसार उनके प्रभावी उपयोग की विधि का भी प्रदर्शन किया गया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया द्वारा परेड में उपस्थित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बताया गया कि कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य, संयम, सतर्कता एवं अनुशासन के साथ कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बलवा अथवा भीड़ नियंत्रण के दौरान सामने आने वाली संभावित चुनौतियों, जोखिमों एवं उनसे सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से निपटने के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही बल को निर्देशित किया कि प्रत्येक परिस्थिति में मानवाधिकारों का सम्मान करते हुए विधिसम्मत, संयमित एवं पेशेवर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रशिक्षण के दौरान बल को विभिन्न फॉर्मेशन, सामूहिक संचालन, त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा आपात परिस्थितियों में समन्वित कार्रवाई का अभ्यास कराया गया। इस प्रकार के नियमित प्रशिक्षण से पुलिस बल की कार्यकुशलता, आत्मविश्वास एवं आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देने की क्षमता में वृद्धि होती है। बलवा परेड एवं ड्रिल का मुख्य उद्देश्य जिले के पुलिस बल को किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौती, सामूहिक विरोध प्रदर्शन अथवा आपात स्थिति में प्रभावी, समन्वित एवं नियंत्रित कार्रवाई हेतु तैयार करना था। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए दंगा नियंत्रण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।





