

हरिद्वार। शहर छोड़ जंगल में घुसकर वन्यजीवों संग सेल्फी लेना छह युवकों पर भारी पड़ गया। जैसे ही हाथियों का झुंड युवकों की तरफ भागा युवकों ने तुरंत दौड़कर बमुश्किल अपनी जान बचाई।
वाक्या है सप्तऋषि घाट क्षेत्र का, जहां गंगा स्नान करने आए कुछ युवक दोस्त गंगा पार कर जंगल की ओर पहुंच गए। जहा खड़े हाथियों के झुंड को देख युवकों को सेल्फी लेने की सूझी और वह हाथियों के झुंड के नजदीक पहुंचने लगे। इससे पहले की युवक सेल्फी लेते हाथियों की नजर युवकों पर पड़ गई। बस फिर क्या था हाथियों का झुंड युवकों की तरफ दौड़ा।
हाथियों के झुंड को तेजी से अपनी ओर आता देख युवकों की सांसे थम सी गई और उन्होंने जान बचाने के लिए अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। दो युवक हाथियों के काफी नजदीक पहुंच गए थे, जिससे उनकी जान पर बन आई, लेकिन उन्होंने तेजी से दौड़कर बामुश्किल अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूरा घटनाक्रम इतना अचानक हुआ कि वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। सप्तऋषि घाट पर मौजूद एक युवक ने इस रोमांचक और खतरनाक घटना को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वन रेंज अधिकारी शिशुपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ा गया। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।




