A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

महिला सामुदायिक संगठनों द्वारा वार्षिक -आमसभा का आयोजन l

प्रेस विज्ञप्ति

महिला सामुदायिक संगठनों द्वारा वार्षिक आम सभा का आयोजन

गया, 22 अगस्त 2026, गया जिले में 14 जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समितियों की वार्षिक आमसभाओं का सफल आयोजन किया गया। इन आमसभाओं में प्रतिनिधि जीविका दीदियों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की आय एवं व्यय की जानकारी समूह से जुड़ी महिलाओं और उपस्थित अधिकारियों को दी। वर्तमान में जिले में 74 महिला जीविका संकुल स्तरीय संघ सक्रिय हैं। इनके माध्यम से जीविका ने 51,974 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया है, जिनसे 6,27,807 परिवार जुड़कर अपनी ज़िंदगी में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। इन समूहों के सहयोग के लिए 3,436 ग्राम संगठन और 74 संकुल स्तरीय संघ गठित किए गए हैं, जिनके माध्यम से दीदियों का क्षमतावर्द्धन निरंतर किया जा रहा है। सभी निबंधित संकुल संघ सहकारी कानून के तहत पंजीकृत होकर महिला जीविका विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के रूप में कार्यरत हैं।

जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समितियाँ ग्राम संगठन और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास की दिशा में अहम भूमिका निभा रही हैं। यह महिलाओं द्वारा संचालित संगठन न केवल वित्तीय मजबूती प्रदान कर रहे हैं, बल्कि सामाजिक पहचान बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। प्रत्येक वर्ष अंकेक्षण रिपोर्ट आने के बाद वार्षिक आमसभा के माध्यम से महिलाओं को इसकी जानकारी दी जाती है।

जिला परियोजना प्रबंधक श्री आचार्य मम्मट ने मिलन जीविका महिला स्वावलंबी सहकारी समिति, बोधगया एवं सहारा जीविका महिला स्वावलंबी सहकारी समिति, चंदौती की आमसभाओं में भाग लिया। जिला परियोजना प्रबंधक ने जीविका दीदियों को अपनी आर्थिक उन्नति के लिए जीविका स्वयं सहायता समूहों तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ने के विषय में जानकारी दी।

वहीं संगम जीविका महिला स्वावलंबी सहकारी समिति, आमस की वार्षिक आमसभा शेरघाटी अंचल के सहायक निबंधक श्री राघवेंद्र प्रताप जी के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में सम्पन्न हुई। आमस में समिति की अध्यक्ष श्रीमती विमला देवी एवं निदेशक मंडल के सदस्यों ने समिति की उपलब्धियों, वित्तीय प्रगति तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। इस कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्रबंधक श्री धर्मेंद्र कुमार, प्रशिक्षण अधिकारी श्री जयराम सिंह, सामाजिक विकास प्रबंधक श्री राकेश कुमार सिंह, युवा पेशेवर आयुषी, ब्लॉक परियोजना प्रबंधक श्री राजकुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों, निदेशक मंडल, जीविका कैडर, बड़ी संख्या में जीविका दीदियों एवं शेयरधारकों ने भाग लिया।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में समिति ने लगभग ₹30 लाख का मुनाफा अर्जित किया। आमसभा के दौरान शेयरधारकों एवं जीविका दीदियों को समिति की आय-व्यय, वित्तीय स्थिति एवं अर्जित लाभ की जानकारी दी गई। यह सफलता जीविका दीदियों की मेहनत, सामूहिक प्रयास, वित्तीय अनुशासन एवं सहकारिता की भावना का परिणाम है। समिति निरंतर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण परिवारों की आजीविका को मजबूत करने की दिशा में कार्यरत है।

इसी क्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों में संकुल स्तरीय संघों की वार्षिक आमसभाएँ भी आयोजित की गईं जिनमें अतरी – मिलन संकुल स्तरीय संघ, बांकेबाज़ार – आदर्श एवं सहयोग संघ, बाराचट्टी – सत्यम संघ, गुरूवा – भारती संघ, खिजरसराय – उन्नति संघ, कोंच – आज़ाद संघ, मानपुर – आंचल संघ, मोहड़ा – कलश संघ, नीमचक बथानी – महारानी संघ, परैया – कस्तूरबा संघ, टेकारी – बंधन संघ तथा वजीरगंज – नारी संघ शामिल हैं।

त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर गयाजी बिहार

वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज

[yop_poll id="10"]
Show More
Back to top button
error: Content is protected !!