
नीमच: महू रोड स्थित पुलिया निर्माण को लेकर माधोपुरी बालाजी मंदिर के भक्तों और बजरंग दल ने प्रशासन के समक्ष अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। श्रद्धालुओं ने मंगलवार को मंदिर के बाहर सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बनी। बजरंग दल के सह संयोजक बृजेश वाल्मीकि ने बताया कि पुलिया निर्माण का नक्शा स्वीकृत होने के बाद मंदिर के भक्त नाराज हैं क्योंकि प्रस्तावित योजना के अनुसार मंदिर का एक हिस्सा प्रभावित हो सकता है।
श्रद्धालुओं ने मंदिर को आस्था का प्रमुख केंद्र बताते हुए पुलिया निर्माण की दिशा बदलने की मांग की है। बृजेश वाल्मीकि ने बताया कि पिछले आठ माह से भक्त इस मुद्दे पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया है। इस विरोध में मंगलवार को श्रद्धालुओं ने सड़क पर हनुमान चालीसा का पाठ किया और मंदिर की सुरक्षा की मांग दोहराई। बजरंग दल के जिला मंत्री कैलाश मालवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।




