A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशकुशीनगर

कुशीनगर में आग ने मचाया तांडव 100 से अधिक घर जले

कुशीनगर। जिले में शनिवार को जगह-जगह आग लगने से 100 से अधिक घर राख हो गए और दस से अधिक मवेशी झुलस गए। फायर ब्रिगेड ने गांव वालों की मदद से आग पर काबू पाया। पछुआ हवा ने घी का काम किया। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के दो गांवों में सर्वाधिक 60 झोपड़ियां और गेहूं की फसल जली है। राजस्वकर्मियों ने क्षति की रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी। 25 लाख से अधिक का नुकसान का अनुमान है। फायर ब्रिगेड कार्यालय में 30 जगह आग लगने की सूचना मिली थी। अग्नि शमन अधिकारी अशोक कुमार यादव ने बताया कि अब तक के सीजन में सर्वाधिक आगलगी की घटनाएं शनिवार को हुईं। पनियहवा क्षेत्र के रामपुर, तुर्कपट्टी के गड़हिया, कुबेरस्थान के मोहनपुर और कप्तानगंज के सुधियानी में आग से ज्यादा नुकसान हुआ है। 100 से अधिक परिवार बेघर हो गए हैं।

पडरौना कोतवाली क्षेत्र के कुरमौल उर्फ सोहनपुर में दोपहर करीब एक बजे कूड़े के ढेर से निकली चिंगारी में नसरुल्लाह अंसारी व रोजद्दीन की झोपड़ी में आग लग गई। वहीं, रोजद्दीन की तीन बकरियां जल मरीं। गांव वालों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के बेलवनिया में आग पछुआ हवा के कारण पांच झोपड़ियों को जलाकर राख कर दिया। गांववालों ने पंपिंगसेट चलाकर आग पर काबू पाया। रामपुर जंगल के पिपरिया टोले में देखते ही देखते 55 झोपड़ियां व पांच बीघा गेहूं की फसल राख हो गईं। बिकाऊ, ओमप्रकाश, जीतन भारती, अनिरुद्ध कुशवाहा, जोखन भारती, हीरालाल भारती, रामविलास भारती, रामधनी भारती, कमल भारती, सुरेश भारती, भूली भारती, राजेश भारती, हरि नारायण भारती, हीरामन, अदालत आदि बेघर हो गए। पांच बकरियां भी जल मरीं। सूचना पर पहुंचे एसओ हनुमानगंज अजय पटेल व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक निषाद ने पानी टैंकर लगाकर गांववालों की मदद से आग पर काबू पाया।
इसी तरह खड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम करदह निवासी लक्ष्मण भारती की रिहायशी झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। परिवारवाले किसी तरह जान बचाकर भागे। आग से झोपड़ी व उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग की लपटों को देख आसपास के घरों के लोग भी आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद गांववालों ने आग पर काबू पाया। चौराखास थाना क्षेत्र के ग्राम सभा जौरा मनराखन गांव में बिजली के पोल से निकली चिंगारी एक खेत में गिर गई। तेज पछुआ हवा चलने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। थोड़ी ही देर में आग नहर को पार कर बगल के गांव धनहा तक पहुंच गई। गांववालों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पटहेरवा थाना क्षेत्र के गगलवा चैन गांव में शनिवार की दोपहर ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से निजामुदीन के अनाज की बखार में आग पकड़ लिया। उस रास्ते से गुजर रहे एक युवक ने आग की लपटों को देख शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस आग लगी में निजामुदीन का बखार और उसमें रखा अनाज जलकर राख हो गया। ग्राम प्रधान मजीबुल होदा ने मौके पर पहुंच लेखपाल को इसकी सूचना दी। सेखुई चौराहे पर शनिवार को खाना बनाते समय पप्पू के घर में चूल्हे के पास रखी जलावन में चिंगारी गिरने से आग लग गई। जब तक आग दूसरे घर तक फैलती, तब तक गांव वालों ने उस पर काबू पा लिया। पप्पू के घर पर बोरे में रखी चालव और गेहूं के साथ सभी घरेलू सामान जलकर राख हो गए। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के लीलाधर छपरा गांव में अज्ञात कारणों से शनिवार की दोपहर तिलक प्रसाद की झोपड़ी में आग लग गई। पछुआ हवा के कारण आग ने तिलक, सिंघासन, मोहन, भुखल की आधा दर्जन झोपड़ियों को जलाकर राख कर दिया। इन झोपड़ियों में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन जलकर नष्ट हो गया। जबकि दो भैंस की भी जलने से मौत हो गई। तिलक की झोपड़ी में रखा नकदी भी जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बाद घंटों बाद भी टीम नहीं पहुंच सकी। गांववालों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
तमकुहीराज थाना क्षेत्र के हाईवे माधोपुर बुजुर्ग-कौवापट्टी के समीप बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी एकरामूल पंक्चर की दुकान चलाते हैं और ट्रकों के पुराने टॉयर खरीदते-बेचते हैं। शनिवार की दोपहर बाद अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। इसके कारण दुकान में रखा करीब चार लाख का पुराना टॉयर जलकर राख हो गया। आग समीप के एक चाय की दुकान तक पहुंच गई। जानकारी के बाद इंस्पेक्टर तमकुहीराज अतुल श्रीवास्तव मयफोर्स मौके पर पहुंचे। उनकी सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने गांववालों की मदद से आग पर काबू पाया।
रिपोर्ट:सोहराब अली कुशीनगर

[yop_poll id="10"]
Show More

कुशीनगर उत्तर प्रदेश

संवादाता- सोहराब अली मोo-9450456021
Back to top button
error: Content is protected !!