
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर ने सुनी 236 आवेदकों की समस्याएं निराकरण के दिए निर्देश दशरथ और दानबहादुर को सहायक उपकरणों की सौगात
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर राजेश शाही द्वारा जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों से आए 236 आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की गई तथा उसके निराकरण के लिए निर्देश दिए गए। अपर कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि जिन आवेदन पत्रों में समय सीमा निर्धारित किया जाता है उसको तत्काल विभाग प्रमुख अपने संज्ञान में लेकर निराकरण कर संबंधित शिकायतकर्ता सूचित करें।
जनसुनवाई में हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए अपर कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रत्येक स्तर पर नियमित समीक्षा की जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों की पहचान करें तथा उनका समाधान करते हुए प्रत्येक हितग्राही को पात्रतानुसार लाभान्वित किया जाना सुनिश्चित करें। अपर कलेक्टर ने जनसुनवाई में प्राप्त होने वाले आवेदनों पर पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा लोगों की समस्या के त्वरित निराकरण करने की मंशा से जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। इसे पूरी गंभीरता से लें तथा प्राप्त समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करायें।
जनसुनवाई में ग्राम खिलखोरी से आए दिव्यांग दशरथ यादव ने कभी नहीं सोचा था कि उनकी समस्या का त्वरित निराकरण संभव हो सकेगा और उन्हें सहजता से इसका लाभ प्राप्त होगा। दशरथ ने बताया कि सड़क दुर्घटना में पैर से विकलांग होने के कारण वे चलने में असक्षम है। जिससे उन्हें कहीं भी आने-जाने के लिए सहारे की आवश्यकता पड़ती है। वह अपना काम स्वयं नहीं कर पाते हैं। यदि हमें ट्राई सायकल और वैशाखी प्राप्त हो जाये तो वे अपना कार्य किसी के सहारे के बिना भी स्वयं कर सकेगी और कही भी आने-जाने में कोई परेशानी नहीं होगी।
ऐसे ही जनसुनवाई में जनपद पंचायत सीधी ग्राम माटा से आए दानबहादुर सिंह ने अपर कलेक्टर को बताया कि बीमारी के कारण पैर से विकलांग हो जाने के कारण वे चलने में असक्षम है। वे गरीब परिवार से है वैशाखी खरीदने सक्षम नही है घर में या कही भी आने-जाने के लिए सहारे की आवश्यकता पड़ती है। वह अपना काम स्वयं नहीं कर पाते हैं। उन्होने कहा कि यदि हमें बैशाखी प्राप्त हो जाये तो वे अपना कार्य किसी के सहारे के बिना भी स्वयं कर सकेगें और कही भी आने-जाने में कोई परेशानी नहीं होगी।
उक्त दोनो आवेदकों की शारीरिक स्थिति को देखते हुए अपर कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग द्वारा दशरथ को ट्राई साईकिल एवं वैशाखी और दानबहादुर को वैशाखी प्रदान कराई। जनसुनवाई में समस्याओं के त्वरित निराकरण होने से आवेदक बहुत खुश और संतुष्ट दिखे।
इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। आज आयोजित जनसुनवाई में समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय जनसुनवाई से जुड़े रहे।




