
Varanasi News: दुर्गा विसर्जन की तैयारियों में जुटा नगर निगम, विसर्जन कुंडों की जारी की सूची
चन्दौली ब्रैकिंग न्यूज़
वाराणसी नगर निगम दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए 13 सरोवर-कुंडों की सफाई में जुटा है। दशहरा से पहले सभी चिह्नित विसर्जन कुंडों की सफाई प्रकाश व्यवस्था और सड़कों की मरम्मत का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा नगर निगम शहर की स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत भी करा रहा है। लहुराबीर से मैदागिन मार्ग की लाइटें दुरुस्त कराई गई हैं।विसर्जन के लिए नगर निगम ने 13 सरोवर-कुंड चिह्नित किए हैं। इसमें अस्थायी सरोवर भी शामिल है। इनकी सफाई भी तेज कर दी गई है। इसमें कंपनी बाग स्थित सरोवर व शंकुलधारा पोखरा की सफाई में मजदूर जुट गए हैं। शहर में लगभग 300 छोटी-बड़ी प्रतिमाएं स्थापित होती हैं। उन्हें विसर्जित करने के लिए कुंड पहले से तय किए जा चुके हैं।महापौर अशोक कुमार तिवारी ने दशहरा से पहले चिह्नित विसर्जन कुंडों, सरोवरों, कुंडों व तालाबों की सफाई कराने के साथ प्रकाश व्यवस्था व सड़कों को भी दुरुस्त करने का निर्देश दिया है। निगम के मुख्य अभियंता मोईनुद्दीन ने बताया कि दशहरा से पहले चिह्नित विसर्जन कुंडों की सफाई पूर्ण ली जाएगी।










