
देवरिया/बरियारपुर। जमीन के सीमांकन को लेकर एक मनबढ़ ने एडवोकेट व लेखपाल, राजस्व निरीक्षक को जान को मारने की धमकी दी है। मनबढ़ ने एडवोकेट के मोबाइल पर फोन कर धमकी दी है।
इस मामले में एडवोकेट ने आरोपी पर केस दर्ज कराया है। एडवोकेट ने अपनी पत्नी के नाम दर्ज एक भूमि का सीमांकन कराया था, जिसको लेकर आरोपी ने धमकी दी है। बरियारपुर थाना क्षेत्र के मानिकपुर उर्फ नागभार निवासी विजय प्रताप मिश्रा पुत्र श्रीराम मोहन मिश्रा एडवोकेट हैं।
न्यायालय उपजिलाधिकारी के आदेश पर उनके ग्राम सभा के एक आराजी में उनकी पत्नी बतौर सहखातेदार राजस्व अभिलेख में दर्ज है, जिसका उन्होंने स्थायी सीमांकन राजस्व टीम से कराया।
आरोप है कि उक्त सीमांकन को लेकर पोखरभिंडा निवासी चंद्रभूषण पांडेय पुत्र रामअशीष पांडेय ने अपने मोबाइल से फोन कर एडवोकेट को अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी।
साथ ही साथ क्षेत्रीय लेखपाल व राजस्व निरीक्षक से गाली-गलौज करते हुए उनको भी जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी थानाध्यक्ष अवतार अहमद ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।





