
रतलाम – प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत रतलाम जिले में अब तक 74 हजार 464 आवासो का निर्माण किया गया है जिनमें निवासरत परिवार खुशहाल जीवन जी रहे हैं। शासन की प्रधानमंत्री आवास योजना ने जिले के निर्धन परिवारों के जीवन में मुस्कान ला दी है। किसी समय में कच्चे एवं समस्याग्रस्त मकान में रहने के लिए मजबूर परिवार अब योजना की बदौलत अपने पक्के मकान में खुशी से रह रहे हैं।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रृंगार श्रीवास्तव ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में जिले को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत 11823 आवास निर्माण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, वर्तमान में 14586 आवासों का निर्माण प्रगति पर है। इनमें चालू वित्तीय वर्ष में स्वीकृत 11823 आवास सम्मिलित है।
जिले में अब तक पूर्ण किए गए आवासों के निर्माण अंतर्गत विकासखंड आलोट में 14512 आवास निर्माण किए गए हैं। इसी तरह बाजना में 19823, जावरा में 6719, पिपलोदा में 5573, रतलाम में 11504 तथा विकासखंड सैलाना में 16333 आवास निर्माण किए गए हैं। वर्तमान में आलोट विकासखंड में 2255 आवासों का निर्माण प्रगति पर है। इसके अलावा बाजना में 3029, जावरा में 1696, पिपलोदा में 1288, रतलाम में 3855 तथा सैलाना विकासखंड में 2463 आवासों का निर्माण प्रगति पर है।
*पीएम आवास मिलने से खुश है लक्ष्मीबाई*
रतलाम जिले के आदिवासी क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण ने परिदृश्य को बदलकर रख दिया है। पहले इन आदिवासी क्षेत्रों में जहां कच्चे, छोटे टापरे दिखाई देते थे, वहीं अब प्रधानमंत्री आवास योजना की बदौलत पक्के मकान दिखाई देते हैं और उनमें रहने वाले खुशहाल आदिवासी परिवार। इन्हीं खुशहाल आदिवासी परिवारों में से एक है ग्राम पंचायत कनेरी की लक्ष्मी बाई़ का परिवार।
जनपद पंचायत रतलाम के इस छोटे से ग्राम की रहने वाली लक्ष्मीबाई एक समय बहुत परेशान थी, उसके पति को विरासत में एक छोटी सी कच्ची झोपड़ी मिली थी। परिवार सर्दी, गर्मी, बरसात में तरह-तरह की परेशानियां से जूझता था, लेकिन लक्ष्मीबाई के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण वरदान बनकर आई जब ग्राम पंचायत ने उसको हितग्राहियों की सूची में सम्मिलित करके पीएम आवास योजना का लाभ प्रदान करते हुए 1 लाख 20 हजार रुपए तथा 90 दिन की मनरेगा की मजदूरी राशि प्रदान की। लक्ष्मी का कहना है कि पहले झोपडीनुमा घर में बहुत परेशानी आती थी, बरसात के दिनों में घर में पानी टपकने लगता था, घर तक जाने के लिए कच्चा रास्ता बना हुआ था। ठण्ड के दिनों में पूरी रात सिगडी जलाना पडती थी।
लक्ष्मी कहती हैं कि प्रधानमंत्री आवास योजना की बदौलत ही उनके सपने पूरे हुए हैं। आज इस योजना के कारण ही मैं पक्के मकान में रह रही हूं। मुझे समाज में सम्मान भी मिलने लगा है और शौचालय का लाभ भी प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही शासन की उज्जवला योजना, खाद्यान्न का भी लाभ मिल रहा है। अब मैं अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रही हूं। लक्ष्मी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव को धन्यवाद देती हैं।










