A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेश

अमरिया में रामलीला मंचन के दौरान कलाकार की करंट लगने से मौत

पीलीभीत। अमरिया मे चल रहे रामलीला में लीला मंचन के दौरान मथुरा निवासी कलाकार की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। कलाकार को बचाने पहुंचे उसके दो भाइयों को भी करंट के झटके लगे। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। आननफानन में कलाकार को सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और शव घर लेकर चले गए।
अमरिया कस्बे के रामलीला मैदान पर 10 दिन पूर्व रामलीला का आयोजन शुरू हुआ है। मंगलवार की रात कुंभकर्ण वध का लीला का मंचन चल रहा था। इसमें मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र के गांव महरौली निवासी नेमी (28) पुत्र गोपाल, उसके भाई धर्मपाल व कान्हा भी मंचन में विभिन्न पात्रों का किरदार निभा रहे थे। रात करीब 12 बजे मंचन के दौरान जोकर का पात्र निभा रहा नेमी मंच पीछे बने कमरे की ओर गया। इस दौरान गेट खोलते ही वह करंट की चपेट में आ गया। जानकारी पर बचाव करने पहुंचे भाई कान्हा और धर्मपाल भी करंट की चपेट में आ गए। हालांकि उन्हें मामूली झटका लगा।
हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। लीला मंचन भी बंद हो गया। बेहोशी की हालत में कलाकार नेमी को सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी अमरिया ब्रजवीर सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी पर पुलिस को मौके पर भेजा गया। हालांकि कलाकार के साथ में मौजूद परिजन शव को घर ले गए हैं। उन्होंने पोस्टमार्टम की कार्रवाई से इन्कार कर दिया।

Back to top button
error: Content is protected !!