
शर्मनाक: लखीमपुर खीरी में छह साल की बच्ची से ममेरे भाई ने किया दुष्कर्म, मासूम की हालत गंभीर
लखीमपुर खीरी के पढ़ुआ थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। ममेरे भाई ने छह साल की बच्ची से दरिंदगी की। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।

विस्तार
लखीमपुर खीरी के पढ़ुआ थाना क्षेत्र के एक गांव में छह साल की बच्ची के साथ 20 साल के ममेरे भाई ने दुष्कर्म किया। आरोपी बेहोशी की हालत में उसे छोड़कर भाग गया। गंभीर हालत में बच्ची को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
गांव निवासी एक युवक अपने मामा के घर गया था। वहां पर उसकी 14 और छह साल की ममेरी बहन घर पर थी। उसके मामा और मामी रकेहटी गए थे। शाम करीब साढ़े सात बजे उसने बड़ी बहन को घर के बाहर पुड़िया लेने भेज दिया और छोटी बहन के साथ दुष्कर्म किया। जब वह बेहोश हो गई तो उसे छोड़कर वह भाग गया।
घर के अंदर मिलीं आरोपी की चप्पलें
जब बड़ी बहन लौटी तो बहन को बेहोश देखा। बच्ची खून से लथपथ थी। आरोपी की चप्पलें घर के अंदर मिलीं। सीएचसी अधीक्षक पीके रावत ने बताया कि रक्तश्राव ज्यादा हो रहा था, बच्ची को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पढ़ुआ थाना प्रभारी निरीक्षक निराला तिवारी ने बताया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है। उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।





