
पटवाई में युवक की हत्या – फोटो : संवादपटवाई चौराहे पर सोमवार रात एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का शव खून से लथपथ था और पास ही डंडे पड़े हुए थे। घटना पटवाई थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई। जहां रात में चौकीदार की ड्यूटी भी रहती है। युवक की पहचान बरेली जिले के निवासी के रूप में हुई।
वह पांच-छह साल से पटवाई क्षेत्र में रहकर नाक-कान छेदने का काम करता था। रात को वह चौराहे पर पकौड़ी और जलेबी की दुकानों के तखत पर ही सो जाया करता था। पकौड़ी दुकान के मालिक ने बताया कि सोमवार रात युवक उनकी दुकान के तखत पर सो गया था।रात 10 बजे दुकान बंद कर मालिक घर चला गया। सुबह दुकान खोलने पर युवक का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। यह वारदात मुख्य चौराहे पर हुई, लेकिन किसी को खबर तक नहीं लगी। माना जा रहा है कि युवक को बेरहमी से पीट-पीटकर मारा गया है।
पटवाई थाना प्रभारी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। घटना के पीछे की वजह और आरोपियों का पता लगाया जा रहा है।मौ दीन पत्रकार रिपोर्टर भोजपुर जिला मुरादाबाद





