
हरिद्वार। बीती रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते गंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया। हरिद्वार में गंगा खतरे के निशान के बेहद पास पहुंच गई। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, वहीं भीमगोड़ा बैराज पर गंगा का जलस्तर बढ़कर 292.75 मीटर पहुंच गया, जो चेतावनी निशान से महज 25 सेंटीमीटर नीचे है।
धर्मनगरी हरिद्वार में बीती बुधवार रात से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, कनखल और उत्तरी हरिद्वार के कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया, जिससे स्थानीय लोगों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि जलभराव वाले स्थानों पर कर्मचारियों की तैनाती कर पानी की निकासी की जा रही है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को गंगा के जलस्तर पर सतत नजर रखने, निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। वहीं प्रशासन लोगों से गंगा किनारे के निचले इलाकों में ना जाने की अपील कर रहा है।




