दारूल उलूम रज़ा-ए-मुस्तफ़ा में महिलाओं को स्वरोजगार का प्रशिक्षण, बैग निर्माण के गुर सीखीं प्रतिभागी
कोटा, 6 अगस्त। विज्ञान नगर स्थित दारूल उलूम रज़ा-ए-मुस्तफ़ा में AMP द्वारा संचालित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र पर सक्षम नारी संगठन के सहयोग से महिलाओं के लिए स्वरोजगार उन्मुख विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण शिविर में महिलाओं को बैग निर्माण (Bag Making) का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों, छोटे व्यवसाय की शुरुआत, उत्पाद की मार्केटिंग तथा आय बढ़ाने के प्रभावी तरीकों की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्वयं का रोजगार शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर AMP कोटा डिवीजन के क्लस्टर हेड सिराज अहमद अंसारी, परवीन खान, डॉ. सेहबा, तथा मास्टर ट्रेनर सबा आमीन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर प्रशिक्षण का लाभ उठाया।
वक्ताओं ने कहा कि कौशल विकास और स्वरोजगार आधारित प्रशिक्षण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और वे आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी सशक्त भूमिका निभा सकें।




