
*अब ममता की राह चले हेमंत, चंपाई सोरेन की वापसी का प्लान बना रही JMM, क्या इस ऑफर से मान जाएंगे कोल्हान टाइगर?*
*रांची :* झारखंड की सत्ता में वापसी करने के बाद अब झारखंड मुक्ति मोर्चा विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को एक और झटका देने की तैयारी में है. जेएमएम अपने उन नेताओं को वापस लाने के प्लान पर काम कर रही है, जो चुनाव से पहले दल छोड़ गए थे.
*लिस्ट में पूर्व सीएम चंपाई सोरेन का नाम सबसे आगे*
चंपाई सोरेन चुनाव से ठीक पहले जेएमएम छोड़ बीजेपी में चले गए थे. कहा जा रहा है कि हेमंत सोरेन अब ममता बनर्जी की तरह अपने सभी दिग्गज नेताओं की वापसी कराने में जुटे हैं. 2021 में बंगाल में जीत दर्ज करने के बाद ममता ने टीएमसी से बीजेपी में गए कई बड़े नेताओं की वापसी करा ली थी.
*चंपाई सोरेन के नाम की चर्चा क्यों?*
चंपई सोरेन वर्तमान में सरायकेलां विधानसभा सीट से विधायक हैं. चंपई झारखंड के पूर्व सीएम और जेएमएम के संस्थापक सदस्य रहे हैं. इस बार आदिवासियों के लिए आरक्षित 28 में से सिर्फ एक सीट पर जेएमएम गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा है. वो सीट चंपई सोरेन की सरायकेला है.
झारखंड चुनाव के बाद जेएमएम के राष्ट्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने उनकी वापसी को लेकर बयान दिया है. सुप्रियो ने कहा कि अगर चंपई दादा आना चाहते हैं तो हम उनका स्वागत करेंगे. जेएमएम का दरवाजा उनके लिए खुला रहेगा.
*चुनाव प्रचार में हमलावर नहीं रहे दोनों*
चुनाव प्रचार के दौरान भी हेमंत सोरेन चंपई पर हमलावर नहीं रहे. दूसरी ओर पूरे चुनाव में चंपई भी हेमंत और सोरेन परिवार पर निजी हमला करने से बचते रहे.
इतना ही नहीं, शुक्रवार को बिरसा मुंडा के परपोते की रांची के रिम्स अस्पताल में मौत हो गई. वे एक सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद यहां भर्ती किए गए थे. बीजेपी ने इस मामले में अस्पताल पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया पर चंपाई चुप रहे।







