
सीवान। कला, संस्कृति और युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, सीवान के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को मकर संक्रांति महोत्सव 2025 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पतंग उत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम, चित्रकला प्रतिस्पर्धा का आयोजन भी किया गया। इस दौरान एक कबड्डी स्पर्धा का भी आयोजन किया गया। मकर संक्रांति महोत्सव में सांस्कृतिक खुशबू की सुगंध खूब बिखरी और उल्लास, उमंग, उत्साह की त्रिवेणी बहती रही।मकर संक्रांति महोत्सव का प्रारंभ जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता, डीडीसी मुकेश कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। जिलाधिकारी सहित आगत अतिथियों का स्वागत जिला कला और संस्कृति पदाधिकारी डॉक्टर ऋचा वर्मा द्वारा किया गया। राजवंशी देवी विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक गणेश वंदना ने सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। गायकों की टोली ने एकल गीत की प्रस्तुति दी। डॉक्टर गणेश दत्त पाठक ने मकर संक्रांति के सांस्कृतिक महोत्सव पर प्रकाश डाला।इसके बाद वी एम उच्च विद्यालय के परिसर में पतंगबाजी में जिलाधिकारी सहित अन्य वरीय अधिकारियों ने बच्चों के साथ पतंग उड़ाया। कबड्डी प्रतिस्पर्धा में भी युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चित्रकला स्पर्धा में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता को आकार दिया, जिसकी सराहना वरीय अधिकारियों ने की और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन भी किया।