बर्खास्त शिक्षिका कमला देवी के चल – अचल संपत्ति से वेतन की रिकवरी करने का हाईकोर्ट ने दिया था आदेश
बर्खास्त शिक्षिका कमला देवी की गिरफ्तारी नगर पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं
– तहरीर देने के 20 दिन बाद नगर पुलिस ने दर्ज किया था मुकदमा
– 10 दिसम्बर 2024 को प्रभारी प्रबन्धक / सह जिला विद्यालय निरीक्षक ने शिक्षिका कमला देवी को किया था बर्खास्त
– बर्खास्त शिक्षिका कमला देवी के चल – अचल संपत्ति से वेतन की रिकवरी करने का हाईकोर्ट ने दिया था आदेश
*बहादुरपुर बस्ती*- नगर पुलिस के कारनामों को लेकर जिले में तरह – तरह की चर्चाएं चल रही है। प्रभारी बीईओ प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने नगर थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह को कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर सरकारी नौकरी कर धन हड़पने के आरोप में बर्खास्त शिक्षिका कमला देवी के खिलाफ तहरीर दिया था और बर्खास्त शिक्षिका के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग किया था लेकिन नगर पुलिस तहरीर लेकर 20 दिनों से मामले में जांच के नाम पर लीपापोती करती रही । सोशल मीडिया पर खबर वायरल होने / सम्मानित समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होते ही मजबूरी में प्रभारी बीईओं बहादुरपुर की तहरीर के आधार पर आनन – फानन में बर्खास्त शिक्षिका के खिलाफ दिनांक – 03-02-2025 को अधिनियम 1860 के धारा – 419 ,420 ,467 ,468 , 471 के अन्तर्गत मुकदमा दर्ज किया।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि विकासखंड बहादुरपुर के अंतर्गत परमहंस बाबा राम किंकर दास पूर्व माध्यमिक बालिका विद्यालय पिपरा गौतम पर कार्यरत शिक्षिका कमला देवी को उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेश पर प्रभारी प्रबंधक अनूप कुमार कुशवाहा ने दिनांक 10 दिसम्बर 2024 को कूटरचित दस्तावेजों की पुष्टि होने पर शिक्षिका पद से बर्खास्त कर दिया था । बर्खास्त शिक्षिका कमला देवी की शिक्षा शास्त्र ( बीएड ) की डिग्री जांच में फर्जी पाई गई थी । बर्खास्त शिक्षिका कमला देवी विगत 15 वर्षों से फर्जी दस्तावेजों / कूटरचित दस्तावेजों के सहारे सरकारी धन को लूट रही थी । शिक्षिका कमला देवी के द्वारा सरकारी धन का दुरुपयोग की गई धनराशि की वसूली चल – अचल संपत्ति से कराने का आदेश माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद ने आदेश दिया था जिसके क्रम में प्रभारी खण्ड शिक्षा अधिकारी बहादुरपुर प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने नगर थाने पर बर्खास्त शिक्षिका कमला देवी के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दिया था । दिनांक – 15-01- 2025 को तहरीर देने के बाद थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह को प्रभारी बीईओं प्रभात श्रीवास्तव ने मुकदमा दर्ज करने के लिए फोन भी किया था लेकिन नगर थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह 20 दिन बीतने के बाद भी बर्खास्त शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाएं अनजान बने हुए थे। बर्खास्त शिक्षिका कमला देवी के नियुक्ति में अनियमितता होने के कारण प्रबंधक हरीराम सिंह को प्रबंधक पद से हटाया भी जा चुका है और विद्यालय की देख-रेख के लिए सह जिला विद्यालय निरीक्षक अनूप कुमार कुशवाहा को प्रभारी प्रबंधक नियुक्ति किया गया है । जब नगर पुलिस तहरीर मिलने के 20 दिन बाद मीडिया की सक्रियता व दबाव देख कर बर्खास्त शिक्षिका कमला देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज की है तो आरोपी शिक्षिका को गिरफ्तार करने में कितना समय लगेगा इसका अंदाजा स्वयं लगा सकते हैं । यदि नगर पुलिस का ऐसा ही रवैया रहा तो पीड़ितों को कैसे न्याय मिलेगा यह भी भलीभांति उजागर है । उक्त प्रकरण में कलवारी प्रभारी सीओ संजय सिंह ने बताया कि बर्खास्त शिक्षिका कमला देवी के खिलाफ नगर थाने में मुकदमा दर्ज हो गया है और मामले की जांच की जा रही है ।













