खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा हम स्कूल पकड़ कर नहीं बैठ पाएंगे – ग्रामीण
तीन दिनों से बंद चल रहा प्राथमिक विद्यालय मीतासोती , बेखबर खंड शिक्षा अधिकारी
– 26 जनवरी को झंडारोपण में भी बेसिक शिक्षा विभाग की उपस्थिति थी शून्य , प्रधान ने ग्रामीणों संग कराया था झंडारोहण
– खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा हम स्कूल पकड़ कर नहीं बैठ पाएंगे – ग्रामीण
– कप्तानगंज विकास खण्ड के प्राथमिक विद्यालय मीतासोती से जुड़ा मामला
– पोषाहार वितरण के समय प्रधान संग ग्रामीण पहुँचे विद्यालय तो खुल गयी खंड शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण की पोल , बंद मिला विद्यालय
बस्ती :: कप्तानगंज विकास खण्ड में खण्ड शिक्षा अधिकारी के विद्यालय निरीक्षण एवं उनके मिलीभगत की पोल उस समय खुल गयी जब बाल पोषाहार वितरण की स्थिति जानने हेतु ग्रामीणों संग ग्राम प्रधान प्राथमिक विद्यालय मीतासोती पहुँचे और विद्यालय बंद मिला । ग्रामीणों द्वारा विद्यालय बंद के सम्बन्ध में रसोइयों से बातचीत करने पर चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया और पता चला कि विद्यालय लगातार तीन दिनों से बंद है और बच्चे पढ़ने हेतु आते हैं और वापस चले जाते हैं ।
प्राप्त समाचार के अनुसार विकास खण्ड कप्तानगंज के अन्तर्गत स्थित प्राथमिक विद्यालय मीतासोती में मात्र एक प्रधानाध्यापिका कार्यरत हैं , वहाँ पर न तो कोई सहायक अध्यापक है न ही शिक्षा मित्र । विभागीय सूत्रों की माने तो प्रधानाध्यापिका अवकाश पर हैं ऐसी स्थिति में विद्यालय संचालन कराने की वैकल्पिक जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी की बनती है । शिक्षक के अवकाश पर रहने पर यदि विद्यालय बंद मिलता है तो खंड शिक्षा अधिकारी का उत्तरदायित्व इस आशय से बढ़ जाता है कि विद्यालय का संचालन कदापि न प्रभावित हो परन्तु यहाँ पर प्राथमिक विद्यालय मीतासोती तीन दिनों से बंद चल रहा है और खंड शिक्षा अधिकारी बेखबर हो अपना टारगेट पूरा करने में मस्त हैं । सूत्रों की मानें तो कप्तानगंज विकास खंड में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा कुछ गिने चुने शिक्षकों / शिक्षिकाओं को विद्यालय आने – जाने में विशेष सहूलतें प्राप्त हैं कारण इसके पीछे कुछ भी हो सकता है । फिरहाल प्राथमिक विद्यालय मीतासोती के बंदी को लेकर ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने मुद्दा छेड़ा है जिसमें प्रधान सहित ग्रामीण व बेसिक शिक्षा तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी आमने सामने आ गए हैं जिसमें उच्चाधिकारियों का दखल जरूरी है । वहीं ग्रामीणों ने खंड शिक्षा अधिकारी की संलिप्तता पर रोष प्रकट करते हुए बताया है कि यदि विद्यालय का संचालन नियमित नहीं हुआ तो मामले को जिला अधिकारी के संज्ञान में लायेंगे ।













